‘हर बच्चे का सपना थे सर सोबर्स’, सुनील गावस्कर ने याद किए सुनहरे पल
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा है कि सर गारफील्ड सोबर्स इस धरती पर महानतम क्रिकेटर थे और उनमें वह सब कुछ था जैसा एक बच्चे के रूप में बल्ला या गेंद उठाते हुए हम बनने क सपना देखते थे।
क्रिकेट के इतिहास के महानतम हरफनमौला माने जाने वाले सोबर्स का शुक्रवार को बारबाडोस में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह 11 दिन बाद अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे।
गावस्कर ने कहा,‘‘ यह क्रिकेट के लिये सबसे दुखद दिन है। इस धरती के सबसे महान क्रिकेटर ने हमसे विदा ली। कोई भी शब्द क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के बारे में बयां करने के लिये काफी नहीं है। उन्होंने कहा ,‘‘ जब बच्चे के रूप में हमने बल्ला या गेंद पकड़ा था तो जैसा बनने का हम सपना देखते थे, वह वैसे ही थे।

उन्होंने कहा,‘‘ सारी यादें जेहन में घूम रही है और हमेशा मेरे दिल में रहेंगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे सर गारफील्ड। आप हमारे दिलों में हमेशा रहेंगे।
दो बार आईसीसी वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार जीत चुके भारत के चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली ने लिखा,‘‘ क्रिकेट ने अपने महानतम खिलाड़ियों में से एक को खो दिया। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे सर गारफील्ड सोबर्स। आपकी विरासत पीढियों को प्रेरित करती रहेगी।
Cricket has lost one of its greatest. Rest in peace, Sir Garfield Sobers. Your legacy will inspire generations.
— Virat Kohli (@imVkohli) July 18, 2026
इस बीच लंका प्रीमियर लीग में खिलाड़ी सर सोबर्स के सम्मान में शनिवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर खेलेंगे।श्रीलंका क्रिकेट ने एक बयान में कहा ,‘‘ क्रिकेट के इस महान सपूत को श्रृद्धांजलि देने के लिये श्रीलंका क्रिकेट लंका प्रीमियर लीग के आज के मैचों से पहले एक मिनट का मौन रखेगा। सभी मैचों में खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी बांधकर खेलेंगे।