स्पेन से हार के बावजूद भारत के समर्थन से अभिभूत अर्जेंटीना, राजदूत ने कहा- शुक्रिया
फीफा विश्व कप फाइनल में स्पेन से अतिरिक्त समय में 0-1 से हारकर उपविजेता रही अर्जेंटीना की टीम को मिले समर्थन के लिए भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कौसिनो ने भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया है।
कौसिनो ने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए भारत में अर्जेंटीना के प्रति लगातार बढ़ रहे समर्थन की सराहना की। उन्होंने लिखा, इस विश्व कप के दौरान अर्जेंटीना की टीम को लगातार समर्थन देने के लिए भारत के लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत, एक बार फिर आपका शुक्रिया!
विश्व कप-2022 में लियोनेल मेस्सी की अगुआई में अर्जेंटीना के विश्व चैंपियन बनने के बाद भारत में टीम और मेस्सी के प्रशंसकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी कारण पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत में भी प्रशंसकों ने अर्जेंटीना का उत्साहवर्धन किया।

डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरी अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप के फाइनल में पहुंची, लेकिन खिताब बचाने का उसका सपना न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में टूट गया। स्पेन ने अतिरिक्त समय में 1-0 से जीत दर्ज कर 2010 के बाद अपना दूसरा फीफा विश्व कप खिताब अपने नाम किया। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल फेरान टोरेस ने 106वें मिनट में किया।
Deeply grateful to the Indian People for the endless displays of support for the Argentine team during this latest World Cup. Thank you, India, once again! pic.twitter.com/kd9hmTBnON
— Mariano Caucino (@CaucinoMariano) July 20, 2026
पूरे मुकाबले में स्पेन का दबदबा देखने को मिला। स्पेन ने लगातार आक्रमण करते हुए कई मौके बनाए, जबकि अर्जेंटीना उसकी मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो सकी। अर्जेंटीना खिताब बचाने में सफल नहीं रही, लेकिन लगातार दूसरे विश्व कप फाइनल तक पहुंचने की उसकी उपलब्धि को भारत सहित दुनिया भर के प्रशंसकों ने सराहा।