Trending

हेटमायर की तूफानी पारी गई बेकार, न्यूजीलैंड ने अपने नाम की वनडे सीरीज

वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का समापन हो गया है। मेजबान वेस्टइंडीज ने इस सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की थी और आखिरी मैच में भी जीत हासिल की, लेकिन फिर भी सीरीज को मेहमान टीम न्यूजीलैंड ने जीता।

इसके पीछे का कारण यह है कि भले ही कैरेबियाई टीम पहले और आखिरी मैच को जीती, लेकिन बीच के तीनों मैच कीवी टीम ने जीते और सीरीज पर चौथे मैच के बाद ही कब्जा कर लिया था। इस तरह आखिरी मैच की जीत वेस्टइंडीज के लिए सिर्फ सांत्वना के रूप में आई, जिसमें शिमरोन हेटमायर ने कमाल की पारी खेली।

मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज की टीम के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 268 रन बनाने में सफल रही। 69 रनों की पारी टॉम लैथम ने खेली, जबकि 80 गेंदों में 64 रन निक केली ने बनाए।

© AFP/Getty Images

इसके अलावा 56 रन सलामी बल्लेबाज विल यंग के बल्ले से आए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। वेस्टइंडीज से 2-2 विकेट अल्जारी जोसेफ और विटेल लॉज को मिले, जबकि एक-एक सफलता मैथ्यू फोर्ड, जेडन सील्स और गुडाकेश मोती को मिली।

वेस्टइंडीज की टीम के सामने 269 रनों का टारगेट था। शुरुआत टीम को अच्छी मिली। हालांकि, 57 रन पर पहला विकेट गिरने के बाद दूसरा विकेट 2 रनों के बाद गिरा, लेकिन इसके बाद फिर से एक साझेदारी हुई। इस तरह छोटी-छोटी साझेदारियों से वेस्टइंडीज ने लक्ष्य हासिल कर लिया।

2 विकेट से वेस्टइंडीज की टीम इस मैच को जीतने में सफल रही, लेकिन सीरीज कीवी टीम ने 3-2 से अपने नाम की। वेस्टइंडीज से शिमरोन हेटमायर ने नाबाद 69 रनों की पारी खेली। शेरफन रदरफोर्ड ने भी 61 रन बनाए। 39 रन कप्तान शाई होप ने बनाए, जबकि 34 रन की पारी अकीम अगस्ते ने खेली।

22 रन जस्टिन ग्रीव्स और 20 रन कीसी कार्टी के बल्ले से आए। कीवी टीम के लिए 3-3 विकेट जैकब डफी और जेडन लेनोक्स ने निकाले, जबकि एक-एक सफलता नैथन स्मिथ और माइकल ब्रैसवेल को मिली। इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच शिमरोन हेटमायर रहे, जबकि प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जेडन लेनोक्स ने अपने नाम किया, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी इस सीरीज में की।