Trending

जिम्बाब्वे पर जीत का बड़ा इनाम, भारत ने दोबारा हासिल किया टी20 रैंकिंग का ताज

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने शनिवार को हरारे में आयोजित दूसरे मुकाबले में 90 रनों से विजयी परचम फहराया। भारत ने जिम्बाब्वे सीरीज जीतते ही आईसीसी की टी20 टीम रैंकिंग में फिर से बादशाहत हासिल कर ली है।

भारत ने इंग्लैंड को पछाड़कर नंबर-1 का ताज छीना है। 25 जुलाई को अपडेट हुई रैंकिंग में भारत के 268 रेटिंग अंक हैं। इंग्लैंड के भी इतने ही अंक हैं लेकिन टीम दूसरे पायदान पर खिसक गई। टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन भारत ने 11 जुलाई को इंग्लैंड में शीर्ष स्थान गंवाया था। इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से अपने नाम की थी। पहला मैच बारिश में धुला था।

ताजा टीम रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल तीसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया के खाते में 260 अंक हैं। न्यूजीलैंड टीम में चौथे नंबर पर है। उसके 247 अंक हैं। साउथ अफ्रीका (244) पांचवें जबकि पाकिस्तान (244) छठे पायदान पर है। जिम्बाब्वे 12वें नंबर पर है। उसके 202 अंक हैं।

Image Source : AP

भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार को खेला जाना है। भारत अगर सीरीज में सूपड़ा साफ करने में कामयाब रहा तो शीर्ष पर अपनी पकड़ और मजबूत कर लेगी। टीम इंडिया टी-20 के अलावा वनडे टी20 रैंकिंग में भी टॉप पर है। वहीं, टेस्ट टीम रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया नंबर-1 है। भारत सबसे लंबे फॉर्मेट की रैंकिंग में चौथे स्थान पर मौजूद है।

ईशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की तूफानी पारियों के दम पर भारत ने दूसरे टी20 में 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 25 रनों का योगदान दिया।

ओपनर वैभव सूर्यवंशी 20 और अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हुए। जवाब में मेजबान जिम्बाब्वे 129 रनों पर ढेर हो गई। जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने 32 और तादिवानाशे मारुमानी ने 24 रन जुटाए। रेयन बर्ल (20) ने भी कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय आक्रमण के सामने कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। भारत से अभिषेक ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने दो-दो शिकार किए।