यूपी के सभी ITI में 10 अगस्त तक लगेंगे रोजगार शिविर; नौकरी और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे
लखनऊ ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : उत्तर प्रदेश में दिव्यांग युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 3 से 10 अगस्त तक ‘दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0’ चलाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी सरकारी आईटीआई में विशेष रोजगार शिविर लगाए जाएंगे, जहां दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही स्वरोजगार के लिए सरकारी योजनाओं और बैंक ऋण की जानकारी भी दी जाएगी।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांग युवाओं के साथ अन्य इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थियों को रोजगार से जोड़ना है। अभियान का संचालन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन करेगा।
अभियान के तहत प्रदेश के सभी राजकीय आईटीआई में रोजगार गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन केंद्र स्थानीय उद्योगों और संस्थानों से रिक्त पदों की जानकारी जुटाएगा, जबकि एमएसएमई विभाग स्वरोजगार योजनाओं और बैंक ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा।
अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की अध्यक्षता में समिति बनाई गई है। यह समिति पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करेगी और 10 अगस्त तक लाभार्थियों का विवरण शासन को भेजेगी।
