Trending

सुल्तानपुर में भीषण सड़क हादसा: क्रूजर का टायर फटने से खंभे से टकराई गाड़ी, मध्य प्रदेश के 12 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल

अभिषेक सिंह/ सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दर्शन कर भगवान राम की नगरी अयोध्या (Ayodhya) जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी (Cruiser) का अचानक टायर फट गया, जिसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक भारी बिजली के खंभे से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में गाड़ी में सवार 12 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के निवासी हैं जो एक तीर्थयात्रा पर निकले थे। घटना सुल्तानपुर जिले के राजमार्ग पर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री गाड़ी के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को तुरंत गाड़ी से बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के अनुसार, 12 घायलों में से 4 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हाईवे का यातायात बहाल कर दिया है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण टायर का फटना और वाहन की अत्यधिक गति बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से संपर्क किया है और हर संभव चिकित्सा सहायता का आश्वासन दिया है।