सैफ चैंपियनशिप का ड्रॉ घोषित, भारत ग्रुप-बी में पाकिस्तान और मालदीव के साथ
शनिवार को मौजूदा चैंपियन भारत को भूटान की राजधानी थिम्पू में आयोजित ड्रा के बाद सैफ चैंपियनशिप 2026 के ग्रुप-बी में मालदीव और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। उपमहाद्वीप की इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता का 15वां संस्करण चार से 17 नवंबर तक बांग्लादेश की राजधानी ढाका में होगा।
रिकॉर्ड नौ बार का चैंपियन भारत अपने अभियान की शुरुआत पांच नवंबर को मालदीव के खिलाफ करेगा। इसके बाद 11 नवंबर को उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा। वहीं, मेजबान बांग्लादेश, श्रीलंका और भूटान को ग्रुप-ए में जगह मिली है।
अखिल नेपाल फुटबॉल संघ पर फीफा का निलंबन यदि एक सितंबर तक हट जाता है, तो नेपाल को भी ग्रुप-ए में शामिल किया जाएगा। दोनों ग्रुपों की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 14 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 17 नवंबर को आयोजित होगा।

भारत सैफ चैंपियनशिप के इतिहास का सबसे सफल देश है और अब तक 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015, 2021 और 2023 में कुल नौ बार खिताब अपने नाम कर चुका है।