राष्ट्रमंडल खेल: प्रीति पवार और जैस्मिन लांबोरिया ने जीते स्वर्ण पदक
नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों में आज भारत ने दो और स्वर्ण पदक जीत लिए हैं। मुक्केबाजी में प्रीति पवार और जैस्मिन लेम्बोरिया ने स्वर्ण पदक जीते। प्रीति ने महिलाओं के 54 किलोग्राम और जैस्मिन ने 57 किलोग्राम वर्ग में यह पदक हासिल किए। पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमणि सिंह ने रजत पदक जीता।
इसके अलावा पुरुषों के ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रावेल ने रजत और सेल्वा प्रभु तिरुमरन ने कांस्य पदक अपने नाम किए।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल में महिलाओं की 54 किलोग्राम भारवर्ग मुक्केबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रीति पवार को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि यह उपलब्धि प्रीति के धैर्य और उत्कृष्ट कौशल का प्रमाण है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राष्ट्रपति ने महिलाओं के 57 किलोग्राम भारवर्ग मुक्केबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर जैस्मिन लांबोरिया को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि जैस्मिन की कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और शानदार प्रदर्शन ने देश का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रपति ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने महिला मुक्केबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रीति पवार और जैस्मीन लैंबोरिया को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए, उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रमंडल खेलों 2026 में पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर प्रवीण चित्रवेल और कांस्य पदक जीतने पर सेल्वा प्रभु को भी बधाई दी। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प ने देश को गौरवान्वित किया है। उपराष्ट्रपति ने कामना की कि वे देश के लिए और भी गौरव अर्जित करें।
