Trending

ओपेक प्लस ने सितंबर से प्रतिदिन 188 हजार बैरल तेल उत्पादन बढ़ाने पर सहमति जताई

नई दिल्ली ( इंडियन व्यू टीम) : पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) प्लस ने इस वर्ष सितंबर से प्रतिदिन 188 हजार बैरल तेल उत्पादन बढ़ाने पर सहमति व्‍यक्‍त की है। वैश्विक तेल बाजार की स्थितियों की समीक्षा के लिए आज हुई वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया।

सऊदी अरब, रूस, इराक, कुवैत, कजाकिस्तान, अल्जीरिया और ओमान सहित सात ओपेक प्लस सदस्यों ने बैठक के बाद जारी बयान में, कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य, तेल बाजार की स्थिरता को बनाए रखना और भागीदार देशों को पिछले अतिरिक्त उत्पादन की भरपाई में तेजी लाने की अनुमति देना है।

ओपेक प्लस सदस्यों ने सहयोग घोषणा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की, जिसके अनुपालन की निगरानी संयुक्त मंत्रिस्तरीय निगरानी समिति द्वारा की जाएगी।

आपको बता दें कि ओपेक (OPEC) प्रमुख तेल उत्पादक देशों का एक संगठन है, जिसकी स्थापना 14 सितंबर 1960 को हुई थी। इसका पूरा नाम ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पेट्रोलियम एक्सपोर्टिंग कंट्रीज (Organisation of the Petroleum Exporting Countries) यानी पेट्रोलियम निर्यातक देशों का संगठन है।

ओपेक (OPEC) पेट्रोलियम निर्यातक देशों का एक स्थायी अंतरसरकारी संगठन है, जो अपने सदस्य देशों की पेट्रोलियम नीतियों का समन्वय और एकीकरण करता है। इसकी स्थापना वर्ष 1960 में बगदाद में इराक, ईरान, कुवैत, सऊदी अरब और वेनेजुएला द्वारा पेट्रोलियम नीतियों के समन्वय तथा उचित एवं स्थिर शर्तों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में इसमें मुख्य रूप से मध्य पूर्व और अफ्रीका के 12 देश शामिल हैं जो कुल वैश्विक तेल उत्पादन के लगभग 30% के लिए उत्तरदायी हैं।