Trending

भारत-भूटान विकास साझेदारी में तेजी

13वीं पंचवर्षीय योजना के तहत ₹332 करोड़ की 12 नई विकास परियोजनाओं के टेंडर जारी

राघवेन्द्र प्रताप सिंह/ थिंपू / नई दिल्ली: भारत और भूटान के बीच ऐतिहासिक विकास साझेदारी को एक नई ऊंचाई पर ले जाते हुए, भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना (13th Five-Year Plan) के तहत ₹332 करोड़ की 12 नई विकास परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी करने की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है।

हाल ही में भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री (Vikram Misri) की भूटान यात्रा (30-31 जुलाई) के दौरान इन 12 ‘प्रोजेक्ट टाइड असिस्टेंस’ (Project Tied Assistance – PTA) परियोजनाओं को मंजूरी दी गई थी। इन नई परियोजनाओं के शामिल होने से वर्तमान पंचवर्षीय योजना के तहत पीटीए (PTA) परियोजनाओं की कुल संख्या 82 हो गई है, जिनका कुल बजट ₹6,860 करोड़ है।

स्वीकृत की गई ये नई विकास परियोजनाएं बुनियादी ढांचे (Infrastructure), स्वास्थ्य सेवा, कृषि, शहरी विकास और आपदा प्रबंधन जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हुई हैं। गौरतलब है कि भारत सरकार ने भूटान की 2024-29 की पंचवर्षीय योजना के लिए ₹10,000 करोड़ के वित्तीय सहयोग (Support Package) की प्रतिबद्धता जताई है। इस सहायता के तहत ‘इकोनॉमिक स्टिमुलस प्रोग्राम’ (ESP) और ‘हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स’ (HICDPs) के लिए भी भारी धनराशि जारी की जा चुकी है। टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो गया है।