भारत-रूस रक्षा सहयोग को नई मजबूती, नई दिल्ली में एएलएसएसजी की बैठक
नई दिल्ली ( इंडियन व्यू टीम) : नई दिल्ली में भारत-रूस आर्मी लैंड सिस्टम सब-ग्रुप (एएलएसएसजी) की पांचवीं बैठक में दोनों देशों ने आपसी विश्वास को और मजबूत करने तथा रक्षा उद्योग और तकनीकी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। 4 से 7 अगस्त तक चल रही चार दिवसीय बैठक का आयोजन भारत-रूस इंटरगवर्नमेंटल कमीशन ऑन मिलिट्री एंड मिलिट्री टेक्निकल कोऑपरेशन (आईआरआईजीसी-एम एंड एमटीसी) के तहत किया जा रहा है।
लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग को बढ़ावा
बैठक का उद्देश्य भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग को और मजबूत करना है। दोनों पक्षों ने रक्षा उद्योग और तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आपसी विश्वास को और गहरा करने पर जोर दिया।
लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर. सिंह ने किया भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व
भारतीय सेना के अतिरिक्त महानिदेशालय जनसंपर्क (एडीजीपीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर. सिंह, डीसीओएएस (सीडी और एस) कर रहे हैं। रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रूसी संघ के रक्षा मंत्रालय के मेन आर्मर्ड डायरेक्टरेट के डिप्टी हेड मेजर जनरल तुफेकची अलेक्जेंडर ने किया।
आतंकवाद निरोधक सहयोग पर भी हुई थी चर्चा
इससे पहले पिछले महीने नई दिल्ली में भारत-रूस आतंकवाद निरोधक संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक हुई थी। इसमें दोनों देशों ने आतंकवाद से निपटने के अपने अनुभव साझा किए और हिंसक उग्रवाद, कट्टरपंथ, आतंकवाद के वित्तपोषण तथा आतंकवादी गतिविधियों में नई तकनीकों और डिजिटल वित्तीय तकनीकों के इस्तेमाल जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई थी।