Trending

विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में नए भारतीय सितारों की चुनौती, आयुष शेट्टी के सपने को मिली उड़ान

विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलना आयुष शेट्टी का बचपन से सपना रहा है और अब 21 वर्षीय इस खिलाड़ी का यह सपना साकार होने जा रहा है।

भारत 17 साल के अंतराल के बाद 17 से 23 अगस्त के बीच विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी करने के लिए तैयार है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत के चार खिलाड़ी पहली बार अपना भाग्य आजमाएंगे। इन खिलाड़ियों में कर्नाटक के आयुष शेट्टी भी हैं।

आयुष ने एक समाचार एजेंसी से कहा, “विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण करना और वह भी तब जब भारत 17 साल बाद इसकी मेजबानी कर रहा है। इसलिए यह विशेष है।”

साभार : गूगल

आयुष की राह आसान नहीं होगी। पुरुष एकल के पहले दौर में उनका सामना मौजूदा विश्व चैंपियन और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीन के शी यू क्यूई से होगा, जो टूर्नामेंट के सबसे चुनौतीपूर्ण मुकाबलों में से एक माना जा रहा है।

आयुष के अलावा महिला एकल की उभरती हुई खिलाड़ी उन्नति हुडा तथा महिला युगल की जोड़ी सिमरन सिंघी और कविप्रिया सेल्वम भी पहली बार विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी।

स्वाभाविक रूप से भारतीय प्रशंसकों की नजरें दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और पुरुष युगल की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी पर रहेंगी, लेकिन पदार्पण करने वाले ये चार भारतीय खिलाड़ी भी अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बनाने के इरादे से उतरेंगे।

आयुष ने कहा, “विश्व चैंपियनशिप उन टूर्नामेंटों में से एक था जिन्हें मैं बचपन से ही देखने के लिए उत्सुक रहता था। हर युवा बैडमिंटन खिलाड़ी की तरह मैंने भी एक दिन विश्व चैंपियनशिप में खेलने का सपना देखा था। मैं इस अवसर का पूरा फायदा उठाना चाहता हूं।”

17 वर्षीय उन्नति हुडा ने कम उम्र में ही खुद को भारत की सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में शामिल कर लिया है। विश्व चैंपियनशिप के पहले दौर में उनका मुकाबला म्यांमा की थेत हतार थुजार से होगा।

उन्नति ने कहा, “यह मेरे करियर के सबसे बड़े पलों में से एक है। पहली बार विश्व चैंपियनशिप में खेलना ऐसा लक्ष्य है जिसके लिए मैंने लंबे समय से मेहनत की है। भारत में यह अवसर मिलना इसे और भी खास बनाता है। मैं इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।”

महिला युगल में सिमरन सिंघी और कविप्रिया सेल्वम भले ही अभी बहुत चर्चित नाम न हों, लेकिन पिछले कुछ समय में दोनों ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। ऐसे में इस नई भारतीय जोड़ी से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीदें हैं।

सिमरन और कविप्रिया स्पेन की निकोल कारुल्ला और कारमेन मारिया जिमेनेज के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगी।