Trending

भारत अगले वर्ष पहले ग्लोबल साउथ फिल्म महोत्सव की करेगा मेजबानी

नई दिल्ली ( सरिता त्रिपाठी) : भारत अगले वर्ष पहले ग्लोबल साउथ फिल्म महोत्सव की मेजबानी करेगा। आज मुंबई में ब्रिक्स वेव्स बाजार के दौरान इसकी घोषण की गई। फिल्म और मनोरंजन क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से कई समझौतों की भी घोषणा हुई।

राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम-एनएफडीसी और भारतीय राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार सहित कई संस्‍थानों ने ब्राजील, रूस और वियतनाम जैसे देशों के सहयोगी संस्थानों के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। सहभागी संगठनों ने फिल्म सह-निर्माण के अवसरों का पता लगाने पर भी सहमति व्यक्त की।

दो दिवसीय वेव्स ब्रिक्स बाजार आज शाम समाप्त हो रहा है। एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदुम ने कहा कि ब्रिक्‍स वेब्‍स बाजार में 20 सदस्य और सहयोगी देशों के 900 से अधिक प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

इस दौरान लगभग 250 बैठकें आयोजित की गईं। ब्रिक्‍स वेब्‍स बाजार ने सरकारी एजेंसियों, मनोरंजन उद्योग के पेशेवरों, निवेशकों और कंटेंट निर्माताओं को विचारों का आदान-प्रदान करने और सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए महत्‍वपूर्ण मंच प्रदान किया।