Trending

मॉन्ट्रियल मास्टर्स में शेल्टन का शानदार प्रदर्शन, बर्ग्स को हराकर चौथे दौर में पहुंचे

मॉन्ट्रियल मास्टर्स 2026 में अमेरिका के पांचवीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन ने एकतरफा जीत के साथ चौथे दौर में जगह बना ली, जबकि नीदरलैंड के टैलोन ग्रिक्सपूर ने एक और उलटफेर करते हुए इटली के माटेओ अरनाल्डी को हराकर अगले दौर का टिकट कटाया।

शेल्टन ने शुक्रवार को बेल्जियम के जिजो बर्ग्स को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से शिकस्त दी। 23 वर्षीय शेल्टन ने मुकाबले में आठ ऐस लगाए और दूसरे सेट में तीन बार बिना कोई अंक गंवाए गेम अपने नाम किए। उन्होंने महज 65 मिनट में मुकाबला खत्म कर दिया।

पांचवीं वरीयता प्राप्त शेल्टन अब टूर्नामेंट में बचे खिलाड़ियों में सबसे ऊंची रैंकिंग वाले खिलाड़ी हैं। शेल्टन ने कहा, “मेरे लिए यह अच्छा दिन था। मैंने मैच को अच्छी तरह संभाला। उन्होंने शुरुआत में बेहद अच्छी सर्विस की, इसलिए मुझे कुछ बदलाव करने पड़े। मैंने उनकी सर्विस तोड़ने का तरीका ढूंढ लिया और बढ़त मिलने के बाद दबाव बनाए रखा।”

अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए शेल्टन के सामने ब्राजील के युवा खिलाड़ी जोआओ फोंसेका की चुनौती होगी। फोंसेका ने नौवीं वरीयता प्राप्त नॉर्वे के कैस्पर रूड को 7-6 (8/6), 6-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

ग्रिक्सपूर ने टूर्नामेंट में अपने शानदार अभियान को आगे बढ़ाते हुए अरनाल्डी को तीन सेटों के संघर्ष में 3-6, 6-4, 6-3 से मात दी। यह ग्रिक्सपूर की लगातार दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने शीर्ष वरीयता प्राप्त और फ्रेंच ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

अरनाल्डी ने मुकाबले के शुरुआती सेट में दबदबा बनाया, लेकिन ग्रिक्सपूर ने स्वीडिश कोच थॉमस हॉगस्टेड की सलाह के बाद मुकाबले में वापसी कर ली। विश्व रैंकिंग में 66वें स्थान पर काबिज ग्रिक्सपूर ने निर्णायक सेट में अरनाल्डी की सर्विस दो बार तोड़ी।

हालांकि ग्रिक्सपूर एक ब्रेक गंवा बैठे, लेकिन उन्होंने तुरंत वापसी की और तीसरे मैच प्वाइंट पर जीत दर्ज कर ली। यह मुकाबला दो घंटे से अधिक समय तक चला। ग्रिक्सपूर ने कहा, “टेनिस बहुत मुश्किल खेल है। जब तक आखिरी गेंद नहीं खेली जाती, तब तक मुकाबला खत्म नहीं होता। मैंने अपना ध्यान बनाए रखने की कोशिश की और जिस तरह से मैंने मैच संभाला, उससे खुश हूं।”

उन्होंने कहा, “अभ्यास में मेरा स्तर अच्छा रहा है, लेकिन मैं उसे मैच में नहीं बदल पा रहा था। आज आसान नहीं था, लेकिन ऐसी जीत के बाद खुशी है। मैं अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर से काफी दूर था, फिर भी मैच में खुद को बनाए रखा और जीत हासिल की।”

अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए ग्रिक्सपूर का सामना स्पेन के डेनियल मेरिडा से होगा। मेरिडा ने अमेरिका के एलेक्स माइकेल्सन को 6-4, 6-7 (4/7), 6-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे सेट में मेरिडा ने दो मैच प्वाइंट बचाए।

मेरिडा के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि इस सप्ताह से पहले उन्होंने टूर स्तर पर हार्ड कोर्ट पर कभी कोई मैच नहीं जीता था। वह पिछले महीने क्रोएशिया में उमाग क्ले कोर्ट खिताब जीतने के बाद कनाडा पहुंचे हैं।