सरधना में घुमंतू विकास बोर्ड का गठन:समाज के लोगों ने सीएम योगी का आभार जताया
लखनऊ ( सरिता त्रिपाठी) : यूपी सरकार ने घुमंतू-अर्ध-घुमंतू समाज के कल्याण के लिए घुमंतू विकास बोर्ड के गठन का निर्णय लिया है। इस फैसले का समाज के लोगों ने स्वागत किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का आभार व्यक्त किया। इस संबंध में रविवार शाम करीब 4 बजे सरधना नगर पालिका परिषद के सभागार में एक बैठक आयोजित की गई।
घूमन्तु समाज कल्याण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन सुभाष चंद जोगी ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल लंबे समय से उपेक्षित घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदायों के विकास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
कैप्टन जोगी ने बताया कि बोर्ड के माध्यम से समाज के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से मिल पाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री असीम अरुण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय घुमंतू समाज के सम्मान, अधिकार और समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विकास बोर्ड के माध्यम से समाज के उत्थान के लिए प्रभावी और दूरगामी योजनाएं संचालित की जाएंगी। इससे पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बैठक में जोगी, योगी, नाथ, सपेरा, नट, कालबेलिया, बंजारा, डैहा सहित विभिन्न घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समाजों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने विकास बोर्ड के गठन के निर्णय पर सरकार का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
