गाजीपुर में विश्वविद्यालय बनाने की मांग:सीएम के आने से पहले SDM को ज्ञापन दिया
लखनऊ ( सरिता त्रिपाठी) : गाजीपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से एक दिन पहले राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग तेज हो गई है। 30 जुलाई को मोहम्मदाबाद स्थित कृषि मंडी परिसर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। बुधवार दोपहर 12 बजे छात्रसंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने सदर एसडीएम विनोद जोशी को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
छात्रों ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कराने और अपना मांग पत्र उन तक पहुंचाने का आग्रह किया। ज्ञापन में प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद-एक विश्वविद्यालय’ योजना के तहत गाजीपुर में भी राज्य विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग की गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान छात्रों को आधिकारिक प्रोटोकॉल में शामिल कर उनसे मुलाकात का अवसर दिया जाए। यदि यह संभव न हो, तो मांग पत्र मुख्यमंत्री तक हर हाल में पहुंचाया जाना चाहिए।
पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने बताया कि गाजीपुर पूर्वांचल का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक जिला है, जहां 360 से अधिक महाविद्यालय संचालित हैं। इसके बावजूद, जिले में अब तक एक भी राज्य विश्वविद्यालय नहीं है।
विश्वविद्यालय के अभाव में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों और राज्यों में जाना पड़ता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और किसान परिवारों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की कई छात्राएं इसी कारण से उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाती हैं।
उपाध्याय ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा करते समय गाजीपुर में राज्य विश्वविद्यालय की मांग को पुरजोर तरीके से उठाएं। उन्होंने मीडिया से भी इस मुद्दे को प्रमुखता देने का अनुरोध किया।