करीब 2 साल बाद टीम इंडिया में लौटे सरफराज खान, अब प्लेइंग इलेवन पर नजर
भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा, जब साई सुदर्शन चोट के कारण बाहर हो गए। उनकी जगह अब सरफराज खान की टीम में वापसी हुई है। 28 साल के धाकड़ बल्लेबाज करीब दो साल बाद भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बने हैं।
टीम में वापसी के साथ ही उनके सामने एक बड़ा सवाल भी खड़ा है कि क्या सरफराज को तुरंत प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा? सरफराज ने भारत के लिए अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं।
उन्होंने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी, लेकिन लगातार मौके नहीं मिलने के कारण वह टीम से बाहर होते चले गए। सरफराज ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेला था। उस सीरीज में भारत को 0-3 से करारी हार का सामना करना पड़ा था।

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में सरफराज को मौका मिला था, लेकिन वह दोनों पारियों में बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने पहली पारी में डक और दूसरी पारी में सिर्फ एक रन बनाया। इसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया।
इसके बाद सरफराज 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारत की 18 सदस्यीय टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन 5 मैचों की सीरीज में उन्हें एक भी टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला। ऑस्ट्रेलिया ने वह सीरीज 3-1 से अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद सरफराज की टीम में जगह भी चली गई और उन्हें लंबे समय तक नजरअंदाज किया गया। अब साई सुदर्शन की चोट ने उनके लिए एक बार फिर भारतीय टेस्ट टीम के दरवाजे खोल दिए हैं।
सरफराज की वापसी सिर्फ चोट के कारण खाली हुई जगह का नतीजा नहीं है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपने बल्ले से भी सिलेक्टर्स को प्रभावित किया है। 2025/26 रणजी सीजन में मुंबई के लिए सरफराज ने नौ पारियों में 429 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 53.62 रहा और उनका हाईएस्ट स्कोर 227 रन रहा।
अब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सरफराज को मौका मिलता है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में देवदत्त पडिक्कल के नंबर-3 पर उतरने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में सरफराज को टीम में वापसी के बावजूद प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 15 अगस्त से गॉल में होगा। सरफराज के लिए यह दौरा भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह दोबारा मजबूत करने का बड़ा मौका साबित हो सकता है।