Trending

डिफेंडिंग चैंपियन शेल्टन का जलवा कायम, मेन्सिक को हराकर सेमीफाइनल में एंट्री

गत चैंपियन अमेरिका के बेन शेल्टन ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए कनाडा ओपन टेनिस टूर्नामेंट (मॉन्ट्रियल ओपन) के सेमीफाइनल में जगह बनाई। शेल्टन ने क्वार्टर फाइनल में चेक गणराज्य के याकुब मेन्सिक को लगातार सेटों में 6-3, 6-1 से हराया।

23 वर्षीय शेल्टन ने इस साल के कनाडाई एटीपी मास्टर्स 1000 में लगातार चौथी जीत दर्ज की और चारों मुकाबलों में एक भी सेट नहीं गंवाया है। मेन्सिक के खिलाफ शेल्टन ने 18 विनर्स लगाए और सिर्फ तीन अनफोर्स्ड एरर किए। उन्होंने अपनी पहली सर्विस पर 89 प्रतिशत अंक जीते।

मुकाबले में उन्हें एक भी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा। शेल्टन ने मैच के दौरान 147 मील प्रति घंटे की रफ्तार से सर्विस भी की।

जीत के बाद शेल्टन ने कहा, “यह शानदार लगा। मैं अपनी रिटर्न गेम से बहुत खुश था। ग्राउंड से जिस तरह मैंने पहले अंक से खेला, मैं इसी स्तर का प्रदर्शन करना चाहता हूं। पूरे मैच के दौरान मैं जिस स्तर को बनाए रखने में सफल रहा, उससे मैं बेहद खुश हूं। उम्मीद है कि सेमीफाइनल में भी इस प्रदर्शन को आगे बढ़ा पाऊंगा।”

मॉन्ट्रियल टूर्नामेंट के ड्रॉ में बचे एकमात्र शीर्ष-10 खिलाड़ी शेल्टन का सेमीफाइनल में अमेरिका के 12वीं वरीयता प्राप्त लर्नर टीएन से मुकाबला होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक दो मुकाबले हुए हैं और दोनों में टीएन ने जीत दर्ज की है। इस साल इंडियन वेल्स के दूसरे दौर में भी टीएन ने शेल्टन को हराया था।

टीएन ने क्वार्टर फाइनल में डेनियल मेरिडा को 6-3, 6-2 से हराकर पहली बार मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। 20 वर्षीय टीएन ने यह मुकाबला एक घंटे 12 मिनट में अपने नाम किया।

टीएन ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपना पहला ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल खेला था। इसके बाद इंडियन वेल्स में पहली बार मास्टर्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचे और जेनेवा में अपने करियर का पहला क्ले कोर्ट खिताब भी जीता।

शेल्टन के खिलाफ मुकाबले को लेकर टीएन ने कहा, “बेन चाहे किसी भी स्थिति में हों, वह अच्छी सर्विस करेंगे। वह बेसलाइन से तेज शॉट लगाएंगे। इस समय वह काफी आत्मविश्वास के साथ खेल रहे हैं। मैंने उन्हें पहले खेलते हुए देखा और वह बहुत, बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”