Trending

क्रिकेट से संन्यास के बाद रहाणे की नई भूमिका, टेस्ट कमेंट्री में करेंगे डेब्यू

पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे रिटायरमेंट के बाद टेस्ट क्रिकेट में एक स्पेशल डेब्यू करने जा रहे हैं। श्रीलंका में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से रहाणे टेस्ट कमेंट्री में डेब्यू करेंगे।

भारत को 15 अगस्त से ये सीरीज श्रीलंका के खिलाफ खेलनी है, जो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। उन्हें इसी वीकेंड से गॉल में शुरू होने वाली सीरीज के लिए सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया है।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद लगभग 18 वर्षों तक चले अपने शानदार खेल करियर को हाल में अलविदा कहने वाले 37 वर्षीय रहाणे अब कमेंटेटर के रूप में नई भूमिका में नजर आएंगे। रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच में 38.46 के औसत से 5,077 रन बनाए, जिनमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला जीती थी।

दाएं हाथ के बल्लेबाज रहाणे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ”मैं सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान टेस्ट कमेंट्री की शुरुआत करने को लेकर उत्साहित हूं। टेस्ट क्रिकेट हमारे खेल का चरम बिंदु है और इतने वर्षों तक इस प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब खेल को एक अलग दृष्टिकोण से देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”

उन्होंने आगे कहा, ”मैं अपने अनुभव साझा करने, खेल की बारीकियों को समझाने और प्रशंसकों को उन फैसलों, रणनीति और क्षण के बारे में जानकारी देने के लिए उत्सुक हूं जो टेस्ट मैच का रुख बदल सकते हैं।” रहाणे लंबे समय तक भारत के लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा रहे थे। उन्होंने बतौर कप्तान लगभग आधा दर्जन मैचों में कप्तानी की थी, जबकि दर्जनों मैचों में उन्होंने उपकप्तान की भूमिका टेस्ट क्रिकेट में निभाई थी। ऐसे में वे इस खेल को बहुत करीब से जानते हैं।

इंटरनेशनल, आईपीएल और भारतीय क्रिकेट को भले ही अजिंक्य रहाणे ने अलविदा कह दिया है और अब कमेंट्री की दुनिया में भी फुल टाइम कदम रखने का फैसला किया है।

हालांकि, रहाणे ने फिर भी प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने का फैसला किया है। रहाणे यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग यानी ईटीपीएल के पहले सीजन में नजर आने वाले हैं। इस बात का ऐलान भी आयोजकों और फ्रेंचाइजी ने कर दिया है।