रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला द्वारा बांग्लादेश रेलवे को निर्यात के लिए रेल डिब्बों का पहला रेक तैयार

नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला, 12 अगस्त 2026 को बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 एल एच बी ब्रॉड गेज रेल डिब्बों वाले पहले रेक के रोल-आउट के साथ एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने जा रहा है।

इस रेक में 03 AC स्लीपर कार, 03 AC चेयर कार, 11 नॉन-AC चेयर कार तथा 02 पावर कार शामिल हैं। इन रेल डिब्बों में कई विशिष्ट डिजाइन विशेषताओं एवं संशोधनों को शामिल किया गया है, जिनमें से अनेक LHB प्रकार के डिब्बों में पहली बार विकसित किए गए हैं।

इन कोचों को बांग्लादेश रेलवे की परिचालन एवं यात्री आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से कस्टमाइज किया गया है। इनमें यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई रिक्लाइनिंग चेयर, स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट एवं स्टेनलेस स्टील फुटरेस्ट तथा सीटों को कई पोजीशन में रिक्लाइन करने की सुविधा प्रदान की गई है।

 

कोचों में यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनेक आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें AC कोचों में पंखे, इंटीग्रेटेड CCTV सर्विलांस सिस्टम, पैसेंजर अलार्म सिस्टम, आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियाँ, बेबी केयर रूम तथा प्रार्थना कक्ष शामिल हैं। विशिष्ट परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोचों की रूफ स्ट्रक्चर को भी मजबूत किया गया है, ताकि पीक ट्रैफिक अवधि के दौरान छत पर यात्रियों के अतिरिक्त भार को सहन किया जा सके।