देश में लगभग 440 अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी स्टार्टअप पंजीकृत: केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज लोकसभा में बताया कि देश में लगभग 440 अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी स्टार्टअप पंजीकृत हैं। एक लिखित उत्तर देते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र- आईएन-स्पेस ने 52 गैर-सरकारी संस्थाओं- एनजीई को विभिन्न अंतरिक्ष गतिविधियों के लिए 113 अधिकार पत्र प्रदान किए हैं। इनमें से 18 एनजीई स्टार्टअप हैं।

जितेन्द्र सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र के उदारीकरण के बाद सरकार ने उपग्रह निर्माण, प्रक्षेपण सेवाओं, डाउनस्ट्रीम अनुप्रयोगों और अंतरिक्ष-आधारित प्रौद्योगिकियों में स्टार्टअप्स की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं।

आईएन-स्पेस, इसरो की उपलब्ध प्रौद्योगिकियों को उद्योग को हस्तांतरित करने में सुविधा प्रदान कर रहा है। अब तक 118 प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समझौतों पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं।