देशभक्ति के रंग में रंगा देश: पीएम मोदी ने की ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील, संसद भवन में लहराए झंडे
अभिषेक सिंह/ नई दिल्ली: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं और देश भर में देशभक्ति का माहौल छाने लगा है। प्रधानमंत्री ने देश के सभी नागरिकों से आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक भावुक अपील करते हुए कहा, “इस स्वतंत्रता दिवस पर, आइए हम हर घर में, हर दिल में तिरंगे का जश्न मनाएं”।
इस अभियान की शुरुआत को और भी भव्य बनाने के लिए सत्ताधारी गठबंधन ने एक खास कार्यक्रम आयोजित किया। 11 अगस्त 2026 को संसद भवन परिसर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के संसदीय दल की साप्ताहिक बैठक ‘मंगल मिलन’ आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान एक बेहद शानदार नज़ारा देखने को मिला, जब एनडीए के संसदीय दल के समूह ने एक साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई अन्य शीर्ष एनडीए नेता मौजूद रहे, जिन्होंने हाथों में तिरंगा थामकर देशवासियों को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। सरकार की योजना है कि इस साल भी करोड़ों घरों, सरकारी इमारतों और ऐतिहासिक स्मारकों पर तिरंगा फहराया जाए। यह अभियान महज़ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के वीरों को श्रद्धांजलि देने और आम जनमानस में राष्ट्रवाद की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करने का एक बड़ा प्रयास बन चुका है।