Trending

LAC पर तनाव घटाने की कोशिश: भारत और चीन के बीच 36वीं कूटनीतिक वार्ता संपन्न, सीमा प्रबंधन और द्विपक्षीय तंत्र पर हुई विस्तृत चर्चा

राघवेंद्र प्रताप सिंह/ नई दिल्ली: भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर जारी सैन्य गतिरोध को सुलझाने और सीमावर्ती इलाकों में शांति बहाल करने के उद्देश्य से कूटनीतिक स्तर की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए कार्यकारी तंत्र’ (WMCC) की 36वीं बैठक नई दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

इस उच्च-स्तरीय बैठक में दोनों देशों के वरिष्ठ राजनयिकों और सैन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि बातचीत के दौरान सीमा के परिसीमन (Boundary delimitation), सीमा प्रबंधन (Border management), नए सुरक्षा तंत्र के निर्माण और सीमा पार सहयोग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर बेहद विस्तृत और पारदर्शी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि एलएसी के पश्चिमी क्षेत्र में पूरी तरह से सैनिकों की वापसी (Disengagement) और तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक व सैन्य चैनलों के माध्यम से बातचीत जारी रखी जाएगी। यद्यपि 2020 के गलवान घाटी संघर्ष के बाद से दोनों देशों के संबंधों में जमी बर्फ पूरी तरह से नहीं पिघली है, लेकिन WMCC की इस 36वीं बैठक को दोनों देशों के बीच संवाद बनाए रखने और किसी भी नए सैन्य उकसावे को रोकने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।