प्रज्ञाननंदा की वेस्ली सो के खिलाफ बाजी ड्रॉ, 3 अंक के साथ दूसरे स्थान पर
भारतीय ग्रैंड मास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने ग्रैंड शतरंज टूर की प्रतियोगिता सिंकफील्ड कप के पांचवें दौर में अमेरिका के वेस्ली सो के साथ बाजी ड्रॉ खेली। प्रज्ञाननंदा ने काले मोहरों से खेलते हुए यह बाजी ड्रॉ कराई।
10 खिलाड़ियों के बीच खेली जा रही इस प्रतियोगिता में उनके पांच मैच में अब तीन अंक हो गए हैं और वह संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। वेस्ली ने 3.5 अंकों के साथ बढ़त बना रखी है। इस बीच अमेरिका के फैबियानो कारुआना और जर्मनी के विंसेंट कीमर ने अपने सफेद मोहरों के साथ सबसे महत्वपूर्ण समय पर जीत हासिल की।

कारुआना ने पांचवें दौर में अर्मेनियाई मूल के अमेरिकी खिलाड़ी लेवोन अरोनियन को, जबकि विंसेंट ने खराब फॉर्म में चल रहे अनीश गिरी को हराया।