बाबतपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: हथियार की जांच के दौरान चली गोली से दो महिला कर्मी घायल, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप

Varanasi : वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर एयरपोर्ट) पर रविवार सुबह एक गंभीर और सनसनीखेज हादसा सामने आया है। मुंबई जाने वाली उड़ान के लिए एक यात्री के हथियार (बंदूक) की सुरक्षा जांच की जा रही थी, इसी दौरान अचानक गोली चल गई। इस दुर्घटना में एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच करने वाली दो महिला स्क्रीनर्स गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद टर्मिनल भवन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया है।कैसे हुआ हादसा? मुंबई उड़ान से पहले अचानक चली गोलीप्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या आईएक्स-1810 से यात्रा करने वाले एक यात्री ने अपनी पत्नी के साथ सफर के लिए अपने हथियार को विधिवत घोषित किया था। नियम के मुताबिक, विमान में ले जाने वाले इस हथियार की सुरक्षा कर्मियों द्वारा टर्मिनल भवन में जांच की जा रही थी। इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक यात्री के हथियार से एक राउंड फायर हो गया। गोली चलने से एयरपोर्ट पर तैनात एएआईसीएलएएस (AAICLAS) की दो महिला स्क्रीनर्स इसकी चपेट में आ गई और घायल हो गईं। सूत्रों के अनुसार, घायल महिला कर्मी का नाम सुमन कुमारी और यात्री का नाम रोहित राज बताया जा रहा है।अस्पताल में भर्ती कराई गईं घायल कर्मी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीघटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल महिला कर्मियों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया है।उधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। अधिकारी इस बात की बारीकी से जांच कर रहे हैं कि आखिर हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली। यात्री के पास हथियार किस तरह सुरक्षित रखा गया था और सुरक्षा जांच के दौरान अचानक फायर होने की असली वजह क्या रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। एयरपोर्ट प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद से एयरपोर्ट पर सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं को लेकर सतर्कता और अधिक बढ़ा दी गई है।