Trending

अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस उल्लास के साथ मनाया गया

लखनऊ: अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज, लखनऊ में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके बाद छात्राओं ने देशभक्ति के नारों का उद्घोष किया। महाविद्यालय की प्राचार्या, शिक्षिकाएँ, छात्राएँ एवं कर्मचारीगण ‘हर घर तिरंगा योजना’ के अंतर्गत तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुए।

राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की कैडेट्स ने मधुर स्वर में NCC गीत प्रस्तुत किया। इसके पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक NSS गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं ने देशभक्ति की भावना पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश दिया कि स्वतंत्रता हमें महान बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है और हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का सम्मान ईमानदार, परिश्रमी एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर करना चाहिए।

इसके पश्चात एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। प्राचार्या प्रो. बीना राय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने महिला स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए छात्राओं को सशक्त, संस्कारवान एवं दृढ़ चरित्र वाली महिलाओं के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रो. बीना राय ने छात्राओं का आह्वान किया कि वे अनुशासित, एकाग्रचित्त और दृढ़संकल्पित होकर राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान दें।
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ तथा ‘हर घर तिरंगा योजना’ के अंतर्गत पूरे सप्ताह विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संबंधित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समारोह का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

इस कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या प्रो. बीना राय, लेफ्टिनेंट डॉ. सरिता सिंह एवं डॉ. हिमानी माहेश्वरी के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।