Maharajganj : चार माह से खराब पड़ा वाटर एटीएम, तपती धूप में पानी के लिए भटक रहे राहगीर

Bagapar – Maharajganj : भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच पकड़ी चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में लगा वाटर एटीएम करीब चार माह से खराब पड़ा है। पेयजल की सुविधा बंद होने से राहगीरों, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। मंदिर परिसर में वर्षों से राहगीरों की सुविधा के लिए वाटर एटीएम लगाया गया था। इससे चौराहे से गुजरने वाले लोगों को आसानी से पीने का पानी उपलब्ध हो जाता था, लेकिन पिछले करीब चार महीने से मशीन खराब होने के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।वाटर एटीएम की देखरेख करने वाले बगल में रहने वाले शिव नायक ने बताया कि मशीन के अंदर लगा तार शॉर्ट हो गया है। इसी खराबी के कारण वाटर एटीएम से पानी नहीं निकल रहा है। लंबे समय से खराब मशीन की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग बोकड़ा देवी दर्शन के लिए आते-जाते हैं। गर्मी के मौसम में राहगीरों और श्रद्धालुओं को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर लगा यह वाटर एटीएम लोगों के लिए बेहद उपयोगी था, लेकिन महीनों से खराब होने के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा इसकी सुध नहीं ली जा रही है।ग्रामीणों और राहगीरों ने संबंधित जिम्मेदार विभाग से मांग की है कि वाटर एटीएम की खराबी को तत्काल दूर कराकर इसे चालू कराया जाए, ताकि तपती धूप में राहगीरों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।