निहाल सरीन बोले- गुकेश को सिर्फ आत्मविश्वास वापस पाने की जरूरत
भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन का मानना है कि विश्व चैंपियन डी गुकेश की खराब फॉर्म कौशल की वजह से नहीं बल्कि आत्मविश्वास की कमी के कारण है। उन्हें उम्मीद है कि समरकंद में होने वाले शतरंज ओलंपियाड में अच्छा प्रदर्शन करके वह विश्व चैंपियनशिप से पहले अपना आत्मविश्वास हासिल कर लेंगे।
गुकेश 2024 में विश्व विजेता बनने के बाद अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इस साल नॉर्वे शतरंज और चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स दोनों में अंतिम स्थान पर रहने तथा टाटा स्टील मास्टर्स और प्राग मास्टर्स में भी खराब प्रदर्शन के कारण उनकी रेटिंग में गिरावट आई है।
सरीन ने एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘उन्हें बस अपना आत्मविश्वास वापस हासिल करने की जरूरत है। मुझे पूरी उम्मीद है कि वह ओलंपियाड में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मेरा मानना है कि उनके लिए अपना आत्मविश्वास वापस पाना बेहद महत्वपूर्ण होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कहा भी जाता है कि फॉर्म अस्थायी होती है, लेकिन कौशल स्थायी होता है। गुकेश विश्व चैंपियन सिर्फ इसलिए बने क्योंकि वह प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। वह अपने कौशल के दम पर विश्व चैंपियन बने।’’

सरीन ने अपने करियर के बारे में कहा, ‘‘मैं अपनी पूरी क्षमता से खेलने की कोशिश कर रहा हूं। मैं खुद को फिट रखने और शारीरिक और मानसिक रूप से अच्छा महसूस करने की कोशिश कर रहा हूं।’’