Trending

“युवाओं के सपनों का सबसे बड़ा कातिल है माफिया तंत्र”: गोरखपुर में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, कहा- पिछली सरकारों ने केवल युवाओं का शोषण किया

राघवेंद्र प्रताप सिंह/ गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गृह जनपद गोरखपुर में आयोजित एक भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए माफिया तंत्र और विपक्षी दलों पर अब तक का सबसे तीखा और सीधा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि “युवा शक्ति का सबसे बड़ा दुश्मन माफिया तंत्र है”, जिसने दशकों तक प्रदेश के नौजवानों की प्रतिभा, मेहनत और उनके भविष्य को दीमक की तरह चाटने का काम किया। अपने संबोधन में सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली की बखिया उधेड़ते हुए विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया।

मुख्यमंत्री ने मंच से गरजते हुए कहा, “पूर्व की सरकारों के एजेंडे में खेल और युवाओं के विकास के लिए कोई जगह नहीं थी। आज जो लोग घड़ियाली आंसू बहाते हुए ‘युवा-युवा’ कहकर चिल्ला रहे हैं, वास्तव में उनके राजनीतिक एजेंडे में युवा कभी था ही नहीं। वे केवल अपने स्वार्थ के लिए युवाओं की ऊर्जा का दुरुपयोग करना चाहते थे और उन्हें दंगों व अराजकता की आग में झोंकते थे।”

सीएम योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में हर भर्ती परीक्षा में ‘महाभारत के रिश्ते’ वसूली के लिए निकल पड़ते थे और नौकरियों की खुली बोली लगती थी। लेकिन वर्तमान सरकार ने परीक्षा माफियाओं, नकल माफियाओं और संगठित अपराधियों की कमर पूरी तरह से तोड़ दी है। प्रदेश में पिछले सात वर्षों में लाखों युवाओं को बिना किसी भेदभाव, सिफारिश या रिश्वत के पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का ऐसा माहौल बना है कि देश-दुनिया के बड़े उद्योगपति यहाँ निवेश करने आ रहे हैं, जिससे निजी क्षेत्र में भी लाखों रोज़गार के अवसर सृजित हो रहे हैं। खेल के क्षेत्र में ‘एक ज़िला, एक खेल’ (ODOS) योजना और हर गांव में खेल के मैदान बनाकर ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशा जा रहा है। सीएम योगी ने युवाओं को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार युवाओं के सपनों के आड़े आने वाले किसी भी माफिया या अपराधी को बख्शने के मूड में नहीं है और प्रदेश की युवा शक्ति को देश के विकास का इंजन बनाया जाएगा।