Maharashtra: सरकारी कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ की जगह बजा लता मंगेशकर का फिल्मी गीत, डिप्टी CM शिंदे ने मांगी माफी

महाराष्ट्र के ठाणे में सोमवार शाम आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की जगह लता मंगेशकर की आवाज में फिल्मी गीत का संस्करण बज गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे। गलती का एहसास होने के बाद शिंदे ने मंच से माफी मांगी और संबंधित अधिकारियों को भविष्य में ऐसी चूक न दोहराने की हिदायत दी।जानकारी के मुताबिक, ठाणे में सोमवार शाम एक सरकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मंच पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई। तय प्रोटोकॉल के तहत ‘वंदे मातरम्’ के गायन की घोषणा की गई और कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग सम्मान में खड़े हो गए।इसके बाद स्पीकर से ‘वंदे मातरम्’ की धुन सुनाई देने लगी, लेकिन कुछ ही देर में स्पष्ट हुआ कि यह राष्ट्रगीत का निर्धारित संस्करण नहीं था। दरअसल, कार्यक्रम में लता मंगेशकर की आवाज में रिकॉर्ड किया गया फिल्मी गीत बज रहा था।फिल्म ‘पुकार’ का था बजाया गया गीतबताया जा रहा है कि कार्यक्रम में बजा गीत अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित अभिनीत फिल्म ‘पुकार’ से जुड़ा हुआ था। इस गीत को दिवंगत गायिका और भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी। गीत के बोल ‘वंदे मातरम्’ थे, जिसके कारण शुरुआत में मौजूद लोगों को यह सामान्य ‘वंदे मातरम्’ ही लगा।गीत करीब चार मिनट तक चला और इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोग सम्मान में खड़े रहे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाव-भाव से भी ऐसा प्रतीत हुआ कि उन्हें कार्यक्रम के दौरान हुई इस तकनीकी या व्यवस्थागत गलती का एहसास हो गया था।एकनाथ शिंदे ने मंच से मांगी माफीगीत समाप्त होने के बाद जब एकनाथ शिंदे ने अपना संबोधन शुरू किया तो उन्होंने कार्यक्रम में हुई इस चूक के लिए माफी मांगी। उन्होंने संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि भविष्य में राष्ट्रगीत और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में इस तरह की गलती नहीं होनी चाहिए।शिंदे ने स्पष्ट किया कि ऐसे आयोजनों में निर्धारित प्रोटोकॉल और सावधानियों का पालन किया जाना जरूरी है। कार्यक्रम में वरिष्ठ लेखक मधु मंगेश कर्णिक और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्रताप सरनाइक समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियोघटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार्यक्रम में मौजूद लोग ‘वंदे मातरम्’ के फिल्मी संस्करण के दौरान खड़े नजर आ रहे हैं। कुछ लोग गीत के साथ गाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी गीत की कुछ पंक्तियां गाते नजर आए।वीडियो सामने आने के बाद यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, शिंदे की ओर से कार्यक्रम के दौरान ही गलती स्वीकार कर माफी मांग ली गई थी।