डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत की स्थिति बरकरार, श्रीलंका को हराकर जीत प्रतिशत में सुधार

टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आखिरी दिन के दूसरे सत्र तक ही चला, जिसे मेहमान टीम इंडिया ने जीत लिया। गॉल में खेले गए इस टेस्ट मैच में शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने मेजबान श्रीलंका को 165 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया।

ये सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के 2025-27 के चक्र का हिस्सा है। देखा जाए तो भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट का असर डब्ल्यूटीसी की पॉइंट्स पर देखने को नहीं मिला, क्योंकि इस मैच से पहले भारत और श्रीलंका की टीमें जहां थीं, अभी भी वहीं हैं। ऐसे में किसी अन्य टीम का स्थान भी नहीं बदला है।

हालांकि, एक चीज बदली है, वह यह है कि भारत ने 12 अंक हासिल कर लिए हैं और जीत प्रतिशत भी अब टीम इंडिया के 50 के पार चला गया है, जो कि काफी समय के बाद हुआ है। इस मैच की जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि इस पर बारिश का साया था और काफी ओवर का खेल भी खराब हो गया था।

@ICC

टीम इंडिया मौजूदा समय में आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2027 की पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर ही है, जबकि श्रीलंका की टीम हार के बावजूद छठे स्थान पर विराजमान है। वहीं, अंकतालिका में अभी भी शीर्ष स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है, जिसे भले ही बांग्लादेश से हार मिली थी, लेकिन टीम का जीत प्रतिशत अभी भी बाकी टीमों के मुकाबले बहुत ज्यादा है। ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत इस वक्त 77.78 है, जबकि दूसरे पायदान पर विराजमान साउथ अफ्रीका की टीम का जीत प्रतिशत 75.00 है।

तीसरे स्थान पर 72.22 प्रतिशत जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम है, जबकि चौथे स्थान पर 66.67 प्रतिशत जीत के साथ बांग्लादेश की टीम विराजमान है। टीम इंडिया का जीत प्रतिशत 48.15 से बढ़कर 53.33 हो गया है, जो पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका की टीम का जीत प्रतिशत 41.67 से घटकर 33.33 रह गया है। श्रीलंका की टीम छठे स्थान पर है। इंग्लैंड की टीम सातवें स्थान पर है, जिसका जीत प्रतिशत महज 24.36 है, जबकि पाकिस्तान 22.22 जीत प्रतिशत के साथ आठवें और वेस्टइंडीज 20.83 फीसदी अंकों के साथ सबसे आखिरी यानी 9वें स्थान पर है।