विश्व चैंपियनशिप में सिंधु का सफर खत्म, वांग झी यी ने दी कड़ी शिकस्त

स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026 में सफर गुरुवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की तीसरी वरीय वांग झी यी के हाथों हार के साथ समाप्त हो गया। सिंधु को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 21-11, 15-21, 21-17 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

यह विश्व चैंपियनशिप में किसी चीनी खिलाड़ी के खिलाफ सिंधु की पहली हार है। इससे पहले उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार आठ मुकाबले जीते थे। वांग ने पहले गेम में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। 7-7 की बराबरी के बाद चीनी खिलाड़ी ने लगातार बढ़त बनानी शुरू की और सिंधु को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

वांग ने पहला गेम 21-11 से जीतकर मुकाबले में बढ़त हासिल कर ली। दूसरे गेम में सिंधु ने जोरदार वापसी की। उन्होंने ब्रेक के बाद आक्रामक रुख अपनाते हुए शुरुआती बढ़त हासिल की और नेट पर शानदार खेल दिखाकर मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा। हालांकि बीच में वांग ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु ने महत्वपूर्ण मौकों पर अंक जुटाते हुए 21-15 से गेम जीत लिया और मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।

साभार : गूगल

निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। सिंधु और वांग लगातार एक-दूसरे की बढ़त को चुनौती देती रहीं। इस दौरान वांग मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से भी जूझती नजर आईं। मुकाबला 18-17 के बेहद करीबी स्कोर पर पहुंचा, जहां दोनों खिलाड़ियों के बीच 54 शॉट की लंबी और रोमांचक रैली हुई।

इस रैली के बाद सिंधु उस झटके से उबर नहीं सकीं और वांग ने लगातार महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए 21-17 से निर्णायक गेम जीत लिया।वांग झी यी अब क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसन से भिड़ेंगी। क्रिस्टोफरसन ने प्री-क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की छठी वरीय पुत्री कुसुमा वारदानी को हराया।

आयुष शेट्टी का विश्व चैंपियनशिप अभियान समाप्त, प्री-क्वार्टर फाइनल में फरहान से हारे

भारतीय युवा बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी का बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में अभियान इंडोनेशिया के अल्वी फरहान के खिलाफ हार के साथ समाप्त हो गया। आयुष को प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फरहान ने 21-19, 21-11 से हराया।

पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मध्यांतर तक फरहान ने 11-9 की मामूली बढ़त बना रखी थी। इसके बाद इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने 18-14 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, आयुष ने बेहतरीन वापसी करते हुए लगातार पांच अंक जुटाए और 19-18 से आगे हो गए।

फरहान के दो असफल अपील के बावजूद आयुष ने अपना संयम बनाए रखा, लेकिन निर्णायक क्षणों में फरहान ने फिर बढ़त हासिल कर ली और 21-19 से पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में फरहान ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और 3-1 की बढ़त ले ली।

दोनों खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक रैलियां हुईं, लेकिन फरहान ने बेहतर नियंत्रण दिखाते हुए मध्यांतर तक 11-6 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने आयुष को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 21-11 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ फरहान ने आयुष के खिलाफ वरिष्ठ स्तर के आमने-सामने मुकाबलों में अपनी बढ़त 3-2 कर ली।

इससे पहले आयुष ने श्रीलंका के अबेविक्रमा को 21-8, 21-10 से हराकर आसान जीत दर्ज की थी। उन्होंने टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में विश्व नंबर एक और गत चैंपियन चीन के शी यू क्वी को हराकर बड़ा उलटफेर भी किया था।