कानपुर सुपरस्टार्स ने मेरठ मावेरिक्स को दी 143 रन बनाने की चुनौती

लखनऊ। कानपुर सुपरस्टार्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में शनिवार को दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 142 रन बनाए।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में मेरठ मावेरिक्स के गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन के सामने कानपुर सुपर स्टार्स की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। कानपुर की ओर से सलामी बल्लेबाज आदर्श सिह ने 36 गेंदों पर 1 चौके व दो छक्के से सर्वाधिक 45 रन बनाए।

मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। यूपी टी-20 लीग जैसे आयोजन प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव हासिल करने का अवसर दे रहे हैं।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को ऐसा मंच मिले, जहां वे दबाव और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा के बीच खुद को साबित कर सकें। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, निदेशक जीएम तिवारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

औपचारिक शुरुआत के बाद मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर सुपर स्टार्स की शुरुआत धीमी रही। पावरप्ले में कानपुर ने 2 विकेट के नुकसान पर 41 रन बनाए।

पांचवे ओवर में सलामी बल्लेबाज प्रियांशु पांडे (19) को विजय कुमार ने अपनी ही गेंद पर कैच लपका और इसी ओवर में अभिषेक पांडे (0) को दिव्यांश जोशी के हाथों कैच कराकर पवैलियन वापस भेजा। हालांकि सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह ने एक छोर संभाले रखा और 36 गेंदों पर 1 चौके व 2 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। टीम को कप्तान समीर रिजवी (19) के रुप मे तीसरा झटका लगा जो जीशान अंसारी की गेंद पर दिव्यांश जोशी को कैच थमा बैठे।

पारी के 15वें ओवर में आदर्श सिंह अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें रिंकू सिंह की गेंद पर रितुराज शर्मा ने कैच लपका। सत्यम सांगू (16) और यशोवर्धन सिंह (26 रन, 14 गेंद, 1 चौका, 2 छक्के) ने आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम का स्कोर 140 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

निचले क्रम में शुभम मिश्रा 7 और कर्ण शर्मा 3 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। मेरठ मावेरिक्स की ओर से विजय कुमार ने 26 रन और जीशान अंसारी ने 30 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए।