Trending

“मैं भी कभी आपकी जगह था…”: पीएम मोदी ने बीजेपी की नई टीम के साथ की साढ़े चार घंटे लंबी बैठक, युवाओं को जोड़ने का मिला बड़ा मंत्र

New Delhi : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का दूसरा दिन बेहद खास रहा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की। शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब सवा चार घंटे तक पार्टी के सभी 65 पदाधिकारियों के साथ व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और अपने संगठन से जुड़े पुराने दिनों के अनुभव साझा किए। इस दौरान पीएम ने कहा, “मैं भी कभी आपकी ही जगह पर था…”, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।एक-एक पदाधिकारी से की व्यक्तिगत चर्चाबैठक के दौरान पीएम मोदी ने हॉल में मौजूद सभी प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और प्रभारियों से व्यक्तिगत रूप से परिचय लिया और उनके अनुभवों को करीब से जाना। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने संगठन मंत्री के रूप में अपने शुरुआती दिनों के संघर्षों और चुनौतियों का जिक्र करते हुए पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत होकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के साथ सीधे संवाद और गहरे संबंध बनाने चाहिए।युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए ‘युवा संवाद’ का प्लानबैठक में आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बीजेपी अध्यक्ष की अगुवाई में नई टीम को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पार्टी का मुख्य फोकस अब देश के युवाओं पर होना चाहिए। विशेष तौर पर 14 वर्ष और उससे अधिक उम्र के युवाओं (Gen Z और Gen Alpha) तक अपनी पहुंच बनाने के लिए पार्टी जल्द ही ‘युवा संवाद’ जैसे बड़े अभियान शुरू करेगी। इसके लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) को देश भर में विशेष टीमें गठित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।मिलेट्स का भोजन और सांगठनिक नियुक्तियों पर मंथनलगभग साढ़े चार घंटे चली इस मैराथन बैठक के बीच में पीएम मोदी ने पदाधिकारियों के साथ मिलकर मोटे अनाज (मिलेट्स) से तैयार पौष्टिक भोजन भी किया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग से बैठकें कीं, जिसमें नए संसदीय बोर्ड के सदस्यों के नामों और सांगठनिक फेरबदल पर भी गहन चर्चा हुई, जिनकी घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।