अमेरिकी ओपन में लौटेंगे रोजर फेडरर, लेकिन प्रोफेशनल टेनिस में वापसी से किया इनकार
रोजर फेडरर एक बार फिर टेनिस कोर्ट पर नजर आएंगे। 20 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीत चुके स्विस दिग्गज मंगलवार रात अमेरिकी ओपन के दौरान आर्थर ऐश स्टेडियम में प्रदर्शनी मैच खेलेंगे। यह 2019 के बाद पहली बार होगा जब फेडरर इस प्रतिष्ठित कोर्ट पर उतरेंगे। हालांकि, इस वापसी को उनके पेशेवर टेनिस करियर से जोड़ना सही नहीं होगा, क्योंकि फेडरर ने साफ कर दिया है कि उनकी दोबारा प्रोफेशनल टेनिस खेलने में कोई दिलचस्पी नहीं है।
फेडरर करीब पांच साल बाद एकल मैच खेलने जा रहे हैं। उन्होंने 2021 विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में ह्यूबर्ट हुरकाज़ के खिलाफ मिली हार के बाद से कोई एकल मुकाबला नहीं खेला है। अपनी वापसी को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘मैंने शायद विंबलडन में (ह्यूबर्ट) हुरकाज़ के खिलाफ खेले गए मैच के बाद से कोई एकल मैच नहीं खेला है, इसलिए लगभग पांच साल हो गए हैं।’’
आर्थर ऐश स्टेडियम पर लौटने को लेकर फेडरर काफी उत्साहित हैं, हालांकि उन्हें यह भी नहीं पता कि इतने लंबे अंतराल के बाद कोर्ट पर उतरने का अनुभव कैसा रहने वाला है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि कल क्या होगा। इसलिए बहुत अनिश्चितता है, लेकिन इस बात की बहुत खुशी भी है कि मैं आर्थर ऐश में लौट रहा हूं। यह एक ऐसी जगह है जहां मैंने कई खूबसूरत पल बिताए हैं।’’

प्रदर्शनी मुकाबले में फेडरर एकल में अमेरिका के पूर्व दिग्गज एंडी रॉडिक के खिलाफ एक सेट खेलेंगे। इसके बाद वह जॉन मैकनरो के साथ जोड़ी बनाकर रॉडिक और आंद्रे अगासी की जोड़ी के खिलाफ युगल का एक सेट भी खेलेंगे। फेडरर के शानदार करियर और 20 ग्रैंड स्लैम खिताबों को देखते हुए इन मुकाबलों को लेकर फैंस में खास उत्साह है।
45 साल की उम्र में भी फेडरर काफी फिट नजर आते हैं, लेकिन उन्होंने वीनस और सेरेना विलियम्स की तरह पेशेवर टेनिस में वापसी की किसी भी संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया है। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने दो टूक कहा, ‘‘नहीं नहीं। बिल्कुल नहीं। पूछने के लिए धन्यवाद। मुझे यकीन नहीं था कि यह सवाल पूछा जाएगा, लेकिन मुझे खुशी है कि आपने पूछा ताकि अगर किसी को कोई गलतफहमी हो तो मैं स्पष्टीकरण दे सकूं।’’