गुजरात में 30 लाख की ड्रग्स के साथ पूर्व एयर होस्टेस गिरफ्तार, मुंबई तस्करी करने की थी तैयारी

सूरत/गुजरात ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गुजरात पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सूरत में ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर स्ट्राइक करते हुए 30 लाख रुपये की भारी-भरकम ड्रग्स की खेप के साथ एक पूर्व एयर होस्टेस को गिरफ्तार किया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पकड़ी गई महिला का नाम मानसी सैयद बताया जा रहा है, जो पूर्व में एविएशन सेक्टर में एयर होस्टेस (Air Hostess) के रूप में काम कर चुकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर सूरत में यह जाल बिछाया गया था। आरोपी महिला इस 30 लाख रुपये की ड्रग्स की खेप को गुजरात से मुंबई (महाराष्ट्र) ले जाने की फिराक में थी, लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
एक पढ़े-लिखे और एविएशन बैकग्राउंड वाले व्यक्ति का इस काले धंधे में शामिल होना जांच एजेंसियों के लिए भी चौंकाने वाला है। पुलिस अब मानसी सैयद से सघन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह ड्रग्स कहां से लाई गई थी और मुंबई में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से एक बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सकता है।