ईशान किशन ने जताई टेस्ट में वापसी की इच्छा, पंत-जुरेल को लेकर कही बड़ी बात

स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की टी-20 और वनडे के बाद अब भारत की टेस्ट टीम में वापसी पर नजर है। उन्होंने कहा कि जिसने भी रेड-बॉल क्रिकेट खेला है, वह इस फॉर्मेट में और खेलना चाहेगा।

ईशान को रेड-बॉल क्रिकेट खेलना पसंद है लेकिन उनकी इस बात पर लोग यकीन नहीं करते हैं। वह फिलहाल दलीप ट्रॉफी 2026 में खेल रहे हैं, जो भारत का घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट टूर्नामेंट है। ईशान टूर्नामेंट में ईस्ट जोन की कप्तानी कर रहे हैं। ईस्ट जोन ने क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ एक पारी और 210 रन से जीत दर्ज की।

दरअसल, ईशान से नॉर्थ ईस्ट जोन पर धमाकेदार जीत दिलाने के बाद पूछा गया कि क्या वह भारतीय टेस्ट टीम में वापस आना चाहेंगे? जवाब में 28 वर्षीय विकेटकीपर ने रिपोर्टर्स से कहा, ”शत प्रतिशत। जिसने भी टेस्ट खेला है, उसे यह फॉर्मेट पसंद आएगा। हम इसकी अहमियत जानते हैं। यह खिलाड़ी को बेहतर बनने में मदद करता है।

© BCCI

लोग मुझ पर यकीन नहीं करते, लेकिन मुझे सच में रेड-बॉल क्रिकेट पसंद है।” उन्होंने आगे कहा, ”मुझे यह गेम (लाल गेंद) बहुत पसंद है। मुझे इसमें मजा आता है क्योंकि जब आप मिडिल में होते हैं तो बॉल मूव करती है। खिलाड़ी आपकी तरफ आते हैं, दूसरी टीम के साथ मजाक चलता रहता है।”

2023 में वेस्टइंडीज में दो टेस्ट खेलने के बाद से ईशान को भारत के लिए सबसे लंबे फॉर्मेट में कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। भारत ने उसी साल साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए केएल राहुल को विकेटकीपर चुना, जिसके बाद ईशान घर लौट आए। वह रणजी ट्रॉफी में भी खेले। ईशान तकरीबन 2 साल तक भारतीय टीम से बाहर रहे। उन्होंने 2026 की शुरुआत में टी20 इंटरनेशनल में वापसी की। वह जून में वनडे टीम में कमबैक किया। उन्होंने अब नौ महीने से ज्यादा समय बाद फर्स्ट क्लास मैच खेला है। हालांकि, ईशान नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ 9 गेंदों में चार रन ही बना सके।

विकेटकीपर ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल फिलहाल भारतीय की टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं। ईशान को पता है कि टेस्ट टीम में वापसी आसान नहीं होगी। उन्होंने दोनों को लेकर बड़ दिल दिखाया।

उन्होंने कहा, ”टेस्ट टीम में वापस आने के लिए आपको बहुत मेहनत करनी पड़ती है। ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत बहुत अच्छा कर रहे हैं। मैं उनके लिए बहुत खुश हूं। एक कॉम्पिटिटर होने के बावजूद मेरा काम यह सोचना नहीं है कि उनके लिए क्या गलत हो सकता है। मेरा काम बस बेहतर होते रहना है।” ईशान ने भारत के लिए दो टेस्ट के अलावा 32 वनडे और 55 टी20 खेले हैं।