भारत को बड़ा झटका, चोट के कारण एशियन गेम्स नहीं खेलेंगे नीरज चोपड़ा

भारत के गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा चोट की वजह से आगामी एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। उनका बाहर होना भारत के लिए एक बड़ा झटका है। चोपड़ा को अभ्यास के दौरान टखने के ‘लिगामेंट’ में चोट लगी जिसके कारण वह 2026 के बाकी सत्र में नहीं खेल पाएंगे।

चोपड़ा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लुसाने डायमंड लीग में सत्र का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के कुछ ही समय बाद उन्हें चोट लगी। इस खबर से अभी फैंस उभर भी नहीं पाए थे कि नीरज चोपड़ा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आ गया। वह एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर पर बैठे नजर आए।

यह वीडियो द खेल इंडिया ने अपने अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में नीरज चोपड़ा व्हीलचेयर पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में दो बैसाखियां नजर आ रही है, वहीं उनके लेफ्ट पैर में भी पट्टी बंधी हुई है। देखने में यह चोट ज्यादा गंभीर नजर आ रही है। वीडियो देख फैंस नीरज चोपड़ा के जल्द से जल्द ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं।

साभार : सोशल मीडिया

बता दें, नीरज चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपने चोटिल होने की जानकारी फैंस को दी थी। उन्होंने लिखा, ”कड़ी मेहनत के बाद मुझे लग रहा था कि मैं आखिरकार अच्छी लय हासिल कर रहा हूं, जिसकी मुझे तलाश थी और लुसाने में मैंने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।दुर्भाग्य से कुछ समय बाद ही अभ्यास के दौरान मेरे टखने का ‘लिगामेंट’ फट गया। अपने डॉक्टर और टीम से सलाह मशविरा करने के बाद हमने फैसला किया है कि मैं इस सत्र में आगे नहीं खेल पाऊंगा।”

भाला फेंक के 28 वर्षीय दिग्गज ने कहा कि यह निराशाजनक है क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वह ‘अपनी लय हासिल करने के करीब’ थे, लेकिन इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि उनका तत्काल ध्यान पूरी तरह फिट होने पर होगा। चोपड़ा ने कहा, ”अब मेरा ध्यान पूरी तरह से फिट होने और पहले से भी अधिक मजबूत होकर वापसी करने पर है।”

Neeraj Chopra (@neeraj____chopra)

भले ही उनका ध्यान पूरी तरह से फिट होने पर है लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि चोट से पूरी तरह उबरने के बाद वह प्रतियोगिता में वापसी करने का इरादा रखते हैं। चोपड़ा ने कहा, ”यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय पाने के करीब था। लेकिन जैसा कि कहते हैं, उतार-चढ़ाव तो जीवन का हिस्सा होते हैं। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए आभार।”

चोपड़ा के इस सत्र से हटने का मतलब यह भी है कि वह पांच सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भी नहीं खेल पाएंगे, जिसके लिए उन्होंने क्वालीफाई कर लिया था। चोपड़ा का नाम वापस लेना एशियाई खेलों में भारत के लिए एक बड़ा झटका है, जहां उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही थी।

टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता को सत्र के दूसरे भाग में चुनौतीपूर्ण दौर से गुजरना पड़ा था, लेकिन लुसाने में उनके प्रदर्शन ने यह संकेत दिया कि वह अपनी लय फिर से हासिल कर रहे हैं। चोपड़ा पिछले कुछ वर्षों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीता था।

उन्होंने 2023 में बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी हैं।