Trending

राज्यसभा के उपसभापति और महासचिव ने सरदार हुकम सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की

नई दिल्ली : राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह समेत कई सांसदों ने रविवार को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल सरदार हुकम सिंह की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।उल्लेखनीय है कि सरदार हुकम सिंह सांसद, न्यायविद्, समाज सुधारक और एक सक्षम प्रशासक थे। अप्रैल 1948 में वे संविधान सभा के लिए चुने गये। वह अन्तरिम संसद (1950-52) और पहली, दूसरी और तीसरी लोक सभा के सदस्य भी थे। सरदार हुकम सिंह 20 मार्च 1956 को लोक सभा के उपाध्यक्ष के रूप में चुने गए। दूसरी लोक सभा में वे फिर से उपाध्यक्ष के रूप में चुने गए। सरदार हुकम सिंह को तीसरी लोक सभा में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया और उन्होंने 17 अप्रैल 1962 से 16 मार्च 1967 तक सदन की अध्यक्षता की। इसके बाद, वह 1967 से 1972 तक राजस्थान के राज्यपाल रहे।