साउथ दिल्ली का शानदार चेज, सेंट्रल दिल्ली को हराकर डीपीएल 2026 की ट्रॉफी पर कब्जा
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को सात विकेट से हराकर दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में साउथ दिल्ली ने 183 रन के लक्ष्य को 186 रन बनाकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अनमोल शर्मा ने 62 रन बनाकर जीत की मजबूत नींव रखी। उनका साथ अंकित डबास ने शानदार अंदाज में दिया। डबास ने नाबाद 62 रन की तूफानी पारी खेली। कप्तान तेजस्वी दहिया ने भी 33 रन बनाए। इसके बाद एकांश डोभाल ने नाबाद सात रन बनाकर टीम की जीत पर मुहर लगा दी।
इससे पहले सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाए। समर्थ सिंह ने 51 रन की तेजतर्रार पारी खेली। कप्तान जोंटी सिद्धू ने 36 रन बनाए। युगल सैनी ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि मनी ग्रेवाल ने आखिरी ओवरों में 18 रन बनाकर टीम के स्कोर को गति दी।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज से दिवांश रावत सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट लिए। विजन पांचाल ने दो विकेट हासिल किए, जबकि अंकित डबास, प्रांशु विजयरण और अंशुमान हुड्डा को एक-एक सफलता मिली।