86वें मिनट में शमी ने दागा गोल, सीरिया को हराकर भारत की विजयी शुरुआत

भारत ने यहां डोस्तलिक स्टेडियम में शमी सिंगामायुम के 86वें मिनट में किए गए गोल से सीरिया को 1-0 से हराकर एएफसी अंडर-20 एशियाई कप 2027 फुटबॉल क्वालीफायर में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

सिंगामायुम ने स्थानापन्न खिलाड़ी एमडी अरबाश के साथ मिलकर बने बेहतरीन मूव को गोल में तब्दील किया और ग्रुप बी के मैच में भारतीय टीम को जीत दिलाई। यह अंडर-19/अंडर-20 स्तर पर सीरिया के खिलाफ भारत की पहली प्रतिस्पर्धी जीत भी है। मैच में अधिकांश समय भारत को सीरिया के लगातार हमलों का सामना करना पड़ा लेकिन टीम ने धैर्य नहीं खोया।

कोच महेश गवली की टीम ने रक्षात्मक रणनीति अपनाते हुए सीरियाई हमलों को झेला और शानदार रक्षात्मक खेल का परिचय देते हुए विरोधी टीम को गोल से वंचित रखा। यह क्वालीफायर से पहले खेले गए चार मैत्री मुकाबलों में लगातार चार बार विरोधी टीम को गोल करने से रोकने के बाद भारत ने लगातार पांचवें मैच में विरोधी टीम को गोल करने से रोका।

@IndianFootball

मैच के अंतिम मिनटों में भारत ने संयम बनाए रखा और अपनी बढ़त को कायम रखते हुए यादगार जीत दर्ज की। भारतीय टीम का अगला मुकाबला तीन सितंबर को मेजबान उज्बेकिस्तान से होगा।