साइकिलिंग को लोकप्रिय बनाने की मुहिम, डॉ. भैरवी जोशी को मिला सम्मान

भारतीय साइकिलिंग महासंघ की विकास समिति की सदस्य डॉ. भैरवी जोशी को देश में इस खेल को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए संयुक्त राष्ट्र विश्व साइकिल दिवस के संस्थापक लेज़ेक सिबिलस्की के उत्कृष्टता प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें हाल ही में यहां विशेष ‘ब्रिक्स संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने प्रदान किया।

इस सम्मान की शुरुआत पोलैंड की राष्ट्रीय साइकिलिंग टीम के पूर्व सदस्य, समाजशास्त्री और साइकिलिंग के समर्थक लेज़ेक सिबिलस्की ने की थी। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2018 में सर्वसम्मति से तीन जून को विश्व साइकिल दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया। इसके बाद दुनिया भर में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए काम करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के लिए इस पुरस्कार की शुरुआत की गई।

साभार : गूगल

यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पेशे से दंत चिकित्सक जोशी ने गुजरात के वलसाड की ‘साइकिल मेयर’ बनने से पहले लगभग दो दशक दंत चिकित्सा के क्षेत्र में बिताए। इसके बाद उन्होंने शहर में साइकिल चलाने की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, स्थानीय संगठनों और सरकारी निकायों के साथ मिलकर काम किया। वह फिट इंडिया मिशन की सलाहकार भी हैं।