MP : सीधी-रीवा हाईवे पर दर्दनाक टक्कर, बस और बल्कर के उड़े परखच्चे; 20 से ज्यादा घायल

रीवा। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-39 पर बदबार स्टैंड के पास बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सीधी की ओर से आ रही पवन एक्सप्रेस बस और रीवा की ओर से आ रहे एक बल्कर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में करीब 12 लोगों की मौत की सूचना सामने आई है, हालांकि मृतकों की संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना में करीब 20 लोगों के घायल होने की भी जानकारी है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।आमने-सामने की टक्कर में बस के उड़े परखच्चेबताया जा रहा है कि बस सीधी की तरफ से रीवा की ओर आ रही थी, जबकि बल्कर विपरीत दिशा से आ रहा था। बदबार स्टैंड के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने गुढ़ थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया।घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गयाहादसे में घायल करीब 20 लोगों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को संजय गांधी अस्पताल, रीवा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने की भी जानकारी सामने आ रही है।पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौके पर वाहनों की लंबी कतार लगने की स्थिति बनी हुई है।मृतकों की पहचान और संख्या की पुष्टि बाकीप्रशासन की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उनके परिजनों को सूचना देने का काम भी किया जा रहा है। फिलहाल हादसे में मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है, इसलिए आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।भीषण दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर किस वजह से हुई। जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने आएगी।