फर्रुखाबाद पहुंचे CM योगी, 1,000 बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत किट

फर्रुखाबाद : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फर्रुखाबाद पहुंचे। पुलिस लाइन मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद उन्होंने यहां बनाए गए पंडाल में करीब 1,000 बाढ़ पीड़ितों को 26 तरह की सामग्री वाली राहत किट वितरित की। इसके साथ ही बाढ़ में घर गंवाने वाले लोगों को आवासीय भूमि का पट्टा और मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता भी दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।गंगा में आई बाढ़ से जिले के करीब 70 गांव प्रभावित हैं। प्रशासन के मुताबिक 19,295 परिवारों के 78,671 लोग बाढ़ से घिरे हुए हैं, जबकि करीब 7,200 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। बाढ़ के कारण 127 ग्रामीणों के घर प्रभावित होने से वे बेघर हो गए हैं। गंगा का जलस्तर फिलहाल चेतावनी बिंदु से करीब 10 सेंटीमीटर ऊपर है।प्रशासन के अनुसार अब तक 96 बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को मकान बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है, जबकि 67 लोगों को आवासीय भूमि के पट्टे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री तीन बेघर बाढ़ पीड़ितों को भूमि का पट्टा और मकान निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक भी सौंपेंगे।