प्रशांत वीर का तूफानी अर्धशतक, नोएडा ने काशी के सामने रखा 155 रन का लक्ष्य

लखनऊ। कप्तान प्रशांत वीर (नाबाद 58) के तूफानी अर्धशतक और मध्यक्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान की बदौलत नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के एलिमिनेटर मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 154 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में काशी को अब फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए 155 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।

आज मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस अवसर पर सतीश महाना ने यूपी टी-20 लीग के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में क्रिकेट को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। ऐसी लीग प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और बड़े स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लीग प्रदेश के क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच उपलब्ध करा रही है। इसके माध्यम से प्रदेश में क्रिकेट का स्तर भी लगातार मजबूत हो रहा है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य फैसल शेरवानी, यूपीसीए के मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

औपचारिक शुरुआत के बाद काशी रुद्रास ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नोएडा किंगस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 20 रन के कुल स्कोर पर उसके दो शीर्ष बल्लेबाज विकेट गंवा बैठे।

सलामी बल्लेबाज शोएब राजपूत (1) को तीसरे ओवर में ऋषभ राजपूत ने एलबीडब्लू आउट किया। इसके अगले ही ओवर में आदित्य शर्मा चार रन बनाकर संगम सिंह की गेंद पर अभिषेक गोस्वामी को कैच थमा बैठे। फिर माधव कौशिक ने पारी को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने 24 गेंदों पर तीन चौके व एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए लेकिन सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर अटल बिहारी राय ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया।

इस बीच पांचवें ओवर की तीसरी गेंद अटल बिहारी राय ने माधव कौशिक को डॉट गेंद डाली। इसी के साथ इस सीजन में कुल 400 डॉट गेंद का आंकड़ा पूरा हो गया। इस सीजन में अब तक सर्वाधिक डॉट गेंद फेंकने का रिकार्ड लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार के नाम है जो अब तक तक 113 डॉट गेंदें फेंक चुके है।

आठवें ओवर में अनिवेश चौधरी (3) को संगम सिंह ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद रवि सिंह ने 20 गेंदों पर एक चौके व तीन छक्के से 31 रन बनाए। उनकी पारी का अंत कार्तिक यादव की गेंद पर शुभम चौबे ने कैच लपककर किया। वहीं कार्तिक सिद्धू ने 10 रन बनाए। नोएडा ने 18.1 ओवर में 6 विकेट पर 112 रन बना लिए थे कि बारिश के चलते खेल रोक देना पड़ा।

खेल दोबारा शुरू होने के बाद कप्तान प्रशांत वीर ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए मात्र 28 गेंदों पर 5 चौके व चार छक्के की मदद से नाबाद 58 रन की तेजतर्रार अर्धशतकीय पारी खेली। दूसरे छोर पर शिवा सिंह ने 18 गेंदों पर 1 चौके व एक छक्के से नाबाद 14 रन बनाए। इन दोनों ने तेजी से रन बटोरे जिससे अंतिम ओवर में नोएडा के 27 रन बने, जिसमें तीन छक्के और दो चौके शामिल रहे।

काशी से संगम सिंह ने दो विकेट चटकाए। ऋषभ राजपूत, अटल बिहारी राय, कार्तिक यादव व विजय यादव ने एक-एक विकेट साझा किए।