बीसीसीआई की बैठक में भारतीय क्रिकेट के 5 बड़े मुद्दों पर चर्चा, सैकिया ने खोले राज
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई के हेडक्वार्टर में एक हाई-लेवल मीटिंग भारतीय क्रिकेट को लेकर हुई। वैसे तो इसमें तमाम मुद्दों को लेकर बात हुई, लेकिन आधिकारिक तौर पर जो बातें सामने आई हैं। उनके बारे में जान लीजिए। 5 ऐसे मुद्दे थे, जिनको लेकर मीडिया में चर्चा थी और उसकी जानकारी बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने दी।
इस मीडिया में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल, टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के डायरेक्टर वीवीएस लक्ष्मण शामिल थे। मीटिंग का हिस्सा चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर नहीं थे, क्योंकि वे निजी कारणों से इसका हिस्सा नहीं बन सके थे।
रोहित शर्मा के रिटायरमेंट पर बात?
रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर खूब चर्चा मीडिया में थी, बीसीसीआई सचिव के मुताबिक इस मीटिंग में उनको लेकर कोई बात नहीं हुई। हालांकि, मीडिया से बात करते हुए सचिव देवजीत सैकिया ने ये जरूर बताया कि वे अच्छा खेल रहे हैं और इससे ज्यादा कहने की कुछ जरूरत नहीं है।

मीटिंग के बाद उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा, “वह सभी मैचों में शानदार खेल रहे हैं, तो आपको और क्या चाहिए? पिछले मैच (इंग्लैंड के खिलाफ) में उन्होंने 138 रन बनाए, तो फिर अंदाजा क्यों लगाया जा रहा है? इसलिए मैं अंदाजा लगाने वालों को कुछ और मौका नहीं देना चाहता।”
एफटीपी पर भी हुई चर्चा
बीसीसीआई की इस मीटिंग में एफटीपी यानी फ्यूचर टूर प्रोग्राम को लेकर भी बात हुई, क्योंकि आपने हाल ही में देखा होगा कि आईपीएल के कुछ दिन के बाद भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट खेला था। इसके बाद टीम आयरलैंड गई थी और वहां से एक या दो दिन के ब्रेक के बाद टीम इंग्लैंड पहुंची थी और इंग्लैंड से फिर जिम्बाब्वे के लिए खिलाड़ी रवाना हुए थे। ऐस में इस मीटिंग में मैनेजमेंट को आश्वासन बोर्ड से मिला है कि आगे ऐसा नहीं होगा।
बीसीसीआई सचिव ने इस मुद्दे पर कहा, “खिलाड़ियों को चोट लग रही है, क्योंकि उन्हें बहुत सारे मैच खेलने पड़ते हैं। अगर आप उनका शेड्यूल देखें, अगर आप इंग्लैंड को देखें, तो 15 खिलाड़ियों की टीम वनडे के लिए गई थी और उन 15 में से तीन से चार खिलाड़ी चोटिल हो गए।
हालांकि, उन्होंने उससे पहले दो महीने आईपीएल खेला था। इसलिए यह सब खिलाड़ियों की हेल्थ पर भी असर डालता है और ऐसी स्थितियों से बचने के लिए, हम मौजूदा विंडो और मौजूदा एफटीपी के तहत सबसे अच्छा क्या कर सकते हैं, हम कुछ तरीके खोजने की कोशिश कर रहे हैं।”
अजीत अगर नहीं थे मीटिंग का हिस्सा
भारतीय चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर इतनी बड़ी मीटिंग में शामिल ही नहीं हुए। यहां तक कि वे ऑनलाइन भी मीटिंग को जॉइन नहीं कर पाए। ऐसे में चर्चा है कि शायद उन्हें अब चीफ सिलेक्टर के तौर पर एक्सटेंशन नहीं मिलेगा। बीसीसीआई सचिव ने बताया था कि वे शहर से बाहर थे और ऑनलाइन भी नहीं जुड़ पाए। हालांकि, अगरकर की गैरमौजूदगी को रोहित शर्मा वाले कांड से जोड़कर देखा जा रहा है। रोहित के रिटायरमेंट वाली खबरों के बाद से उन पर दबाव बताया जा रहा था।
ओवरशीज टूर से पहले तैयारी
आयरलैंड में भारतीय टीम को 2-0 से टी20 सीरीज में हार मिली और इंग्लैंड में भी यही हुआ। इसके अलावा भी कुछ सीरीज रहीं, जहां भारत हारा और इसके पीछे की असल वजह यह भी थी कि भारतीय खिलाड़ियों को तैयारी का मौका नहीं मिला। हालांकि, बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे से ही इसकी शुरुआत कर दी है कि खिलाड़ियों को तैयारी का पूरा मौका मिले।
देवजीत सैकिया ने भी यही बात कही। उन्होंने कहा, “आप सब जानते हैं कि हम आयरलैंड और इंग्लैंड में भी मैच हार गए। हम जानना चाहते थे कि इसके क्या कारण हैं और हमें इस बारे में खुद से सोचना होगा और भविष्य में, SENA देशों में जाने से पहले हम क्या करेंगे, हमने कुछ स्ट्रेटेजी पर बात की है।”
नहीं होगा कोई डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट
बीसीसीआई मौजूदा समय में टीम इंडिया या भारतीय क्रिकेट के लिए डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट जैसी पोस्ट पर विचार नहीं कर रहा। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि बीसीसीआई वीवीएस लक्ष्मण को डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट अपॉइंट कर सकती है, लेकिन बोर्ड सचिव ने इसका खंडन कर दिया। उन्होंने कहा, “बीसीसीआई एक अच्छी मशीन की तरह काम कर रहा है। बीसीसीआई के सभी विंग्स के बीच सही तालमेल है। सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।”