Trending

Basti : छप्पर की बड़ेर बनी काल, दबने से महिला की मौत

Parashurampur, Basti : थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में सोमवार भोर करीब चार बजे एक दर्दनाक हादसे में रिहायशी छप्पर के नीचे सो रही करीब 50 वर्षीय महिला की दबकर मौत हो गई। छप्पर की बड़ेर महिला के सीने पर गिरने से उसकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया।मिश्रौली गांव निवासी ज्ञानमती पत्नी रामदेव रोज की तरह रात में अपने रिहायशी छप्पर के नीचे अपने नाती विपिन के साथ सो रही थीं। सोमवार सुबह करीब चार बजे गांव की कुछ महिलाएं बाहर घूमने के लिए निकलीं तो उन्होंने ज्ञानमती के घर का छप्पर गिरा देखा। महिलाओं ने तत्काल शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और छप्पर हटाने में जुट गए।ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद छप्पर हटाया तो ज्ञानमती उसके नीचे दबी मिलीं। विपिन भी चोटहिल हो गया। गांव के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छप्पर की बड़ेर सीधे उनके सीने पर आ गिरी थी। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि मृतका के पति रामदेव परिवार की रोजी-रोटी के लिए दिल्ली में रहकर काम करते हैं। ज्ञानमती के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बच्चों की शादी हो चुकी है। मां की अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।