Trending

BRICS सम्मेलन 2026: दिल्ली पुलिस ने की यात्रियों से यात्रा प्लान पहले से बनाने की अपील

नई दिल्ली ( विवेक ओझा ) :

BRICS सम्मेलन 2026 के तीन दिनों (11 से 13 सितंबर) के दौरान अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के आवागमन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने यात्रियों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जारी पोस्ट में कहा गया, “BRICS समिट 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के आने-जाने को देखते हुए, नई दिल्ली और उसके आसपास की कुछ सड़कों पर ट्रैफिक को अस्थायी रूप से नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है।”

यात्रियों के लिए खास निर्देश

एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि जहां संभव हो, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। नियंत्रित इलाकों और VVIP मूवमेंट वाले रास्तों से अनावश्यक यात्रा से बचें। सड़कों पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित या अनधिकृत जगहों पर गाड़ी पार्क न करें। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को विशेष रूप से सलाह दी गई है कि वे काफी पहले निकलें, क्योंकि संभावित ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण देरी हो सकती है।

ताजा जानकारी के लिए कहां देखें ?

दिल्ली पुलिस और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक प्लेटफॉर्म को फॉलो करने की भी अपील की गई है, ताकि ट्रैफिक संबंधी नवीनतम अपडेट मिलते रहें। राष्ट्रीय राजधानी में BRICS समिट की तैयारियां जोरों पर हैं। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के कारण दिल्ली और NCR के होटलों के किराए में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें, ताकि समिट सुचारू रूप से संपन्न हो सके और आम यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।