टी20 रैंकिंग में एस्टरहुइजन की लंबी छलांग, 65 पायदान चढ़कर पहुंचे 25वें नंबर पर

आईसीसी ने बुधवार को पुरुष टी20 खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है। साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन ने नामीबिया में टी-20 ट्राई सीरीज के बाद 65 स्थान की छलांग लगाई है।

कॉनर अब बल्लेबाजों की लिस्ट में 25वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पांच पारियों में 126 रन बनाए। वह नामीबिया के खिलाफ सिर्फ 12 रनों से शतक से चूक गए थे। उन्होंने 88 रनों की तूफानी पारी खेली। उसी मैच में साउथ अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने शतक जमाया था। प्रीटोरियस 61 पायदान चढ़कर की संयुक्त रूप से 43वें स्थान पर आ गए। उन्होंने कुल 226 रन बटोरे। साउथ अफ्रीका ने फाइनल में जिम्बाब्वे को हराकर ट्राई सीरीज अपने नाम की।

नामीबिया की टीम ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचने में भले नाकाम रही लेकिन कुछ अच्छी पारियों से कप्तान गेरहार्ड इरास्मस को रैंकिंग में फायदा हुआ। वह 16 पायदान चढ़कर 55वें पर आ गए हैं। नामीबिया के ओपनर लॉरेन स्टीनकैंप (32 पायदान ऊपर 73वें पर) भी आगे बढ़े हैं। टॉप 10 बल्लेबाजों की लिस्ट में तीन भारतीय शामिल हैं। विकेटकीपर ईशान किशन नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज हैं।

© Getty

ओपनर अभिषेक शर्मा तीसरे जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा सातवें पायदान पर हैं। भारत ने आखिरी टी20 सीरीज जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर खेली थी। भारत को अब 13 सितंबर से अफगानिस्तान से टी20 सीरीज में भिड़ना है। सीरीज के तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित होंगे।

वहीं, टी-20 गेंदबाजों की लिस्ट में सबसे ज्यादा ध्यान जिम्बाब्वे के ब्रैड इवांस ने खींचा। दाएं हाथ के इस गेंदबाज ने ट्राई सीरीज के दौरान सिर्फ 15.80 की औसत से 10 विकेट लेकर रैकिंग में चार स्थान का सुधार किया। वह 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा (दो स्थान ऊपर 27वें पर) को भी इस सूची में लाभ मिला है।

साउथ अफ्रीका के क्वेना मफाका (16 स्थान ऊपर 38वें पर) और ब्योर्न फोर्टुइन (37 स्थान ऊपर 78वें पर) भी आगे बढ़े हैं। अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान नंबर-1 टी-20 गेंदबाज हैं। टी-20 ऑलराउंडर्स की फेहरिस्त में इरास्मस चार पायदान चढ़कर आठवें नंबर पर चले गए हैं। यह उनके करियर की बेस्ट रैंकिंग हैं। उन्होंने ट्राई सीरीज में 149 रन बनाने के अलावा पांच विकेट लिए। सिकंदर सबसे छोटे फॉर्मे की रैंकिंग में नंबर-1 ऑलराउंडर हैं।