Bijnor : डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े किसान, वन विभाग के खिलाफ जमकर फूटा गुस्सा

Najibabad, Bijnor : तहसील क्षेत्र के गांव आलोपुर में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे गुलदार ने 45 वर्षीय महिला बबीता पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद जहां गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।महिला की मौत की खबर मिलते ही भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण एकत्र होकर नजीबाबाद के डबल फाटक ओवरब्रिज पर पहुंचे और वन विभाग के खिलाफ सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए। जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।धरने पर बैठे भाकियू नेताओं का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है। आए दिन गुलदार की चहलकदमी और हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीण खौफ में जी रहे हैं। इसके बावजूद वन विभाग गुलदार को पकड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैखबर लिखे जाने तक भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता ओवरब्रिज पर धरने पर डटे रहे। उनकी मुख्य मांग है कि बिजनौर के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) को तत्काल मौके पर बुलाया जाए और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वार्ता की जाए। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक डीएफओ मौके पर नहीं आते, धरना खत्म नहीं होगा।ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार के डर से सुबह-शाम खेतों पर जाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने वन विभाग से गांव के आसपास गश्त बढ़ाने, सर्च अभियान तेज करने और संवेदनशील स्थानों पर पिंजरे लगाने की मांग की है। साथ ही मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई है।